मुरादाबाद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन के तहत मुगलपुरा थाना पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ किलो से अधिक चरस बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक मुर्सलीम उर्फ तुल्ला (28 साल) बताया जा रहा है। वह मूल रूप से बरवालान इलाके का निवासी है और इन दिनों मझौला थाना इलाके के करूला जयंतीपुर इलाके में रह रहा था। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से लगभग 1 किलो 490 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी में थाने की विशेष टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।