अयोध्या में पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी को गोली मारी:रात 10 बजे बदमाशों ने किया हमला, लखनऊ रेफर; हालत खतरे से बाहर
2026-02-17 01:53:20 | Views: 0
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर चतुर्थ से पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी रहे संजय सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है। मिल्कीपुर बाजार में रात करीब 10 बजे उन्हें गोली मारी गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। संजय सिंह मिल्कीपुर बाजार निवासी उमाशंकर जायसवाल के घर आयोजित प्रीतिभोज में शामिल होने गए थे। जब वे अपनी स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। उन्हें दो गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। संजय सिंह मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ईंट गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, घटना से पहले दो युवक मौके पर घूम रहे थे। उनके चालक ने संजय सिंह को इस बारे में बताया भी था, लेकिन उन्होंने इस बात को नजरअंदाज कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना इनायत नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि संजय सिंह नामक व्यक्ति पर उसके विपक्षियों द्वारा फायरिंग की गई। हमले में संजय सिंह घायल हो गया, जिसे पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल संजय सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले में विपिन दुबे, अभय दुबे और विपिन दुबे के चाचा गिरजा शंकर दुबे को नामजद किया गया है। संजय सिंह ने गिरजा शंकर दुबे पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया है। दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।