हज यात्रियों के लिए एक विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन बुलंदशहर रोड स्थित मदरसा जामिया अरबिया खादिमुल इस्लाम में लगाया गया। कैंप का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार त्यागी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता मंदार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर नायब शहर काजी मौलाना असद कासमी और जामा मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद आसिम भी उपस्थित रहे। हज कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त 205 हाजियों की सूची में से 190 को शिविर में आवश्यक टीके लगाए गए। शेष 15 हाजियों का टीकाकरण बृहस्पतिवार को पीपीसी कोठी गेट, हापुड़ में किया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता मंदार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी चयनित हाजियों का समयबद्ध टीकाकरण और प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप हो सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार त्यागी ने कहा कि हज यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक यात्री का पूर्ण टीकाकरण अनिवार्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है और शेष हाजियों का टीकाकरण भी निर्धारित तिथि पर पूरा कर लिया जाएगा। शिविर में हज ट्रेनर परवेज आलम, हाजी नौशाद, हाजी मोहम्मद रिजवान और फजलुर्रहमान ने हज यात्रियों को यात्रा संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. योगेश गुप्ता (डीआईओ), डॉ. राकेश कुमार यादव (मेडिकल सुपरिंटेंडेंट), डॉ. इसरारुद्दीन, डॉ. तुषार मावी, डॉ. गुलफाम जहीर, अफजाल अहमद (बीपीएम), मौ. कासिम (वीसीसीएस), अनमोल शर्मा (बीएमसी), अंसार खान (बीएमसी यूनिसेफ) और रेशमा (डब्ल्यूएचओ) सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।