मेरठ शहर में 3 किलोमीटर में बनेंगे 10 हेलीपैड:पीएम मोदी 22 फरवरी में नमो भारत का करेंगे शुभारंभ, जनसभा स्थल पर मंच तैयार
2026-02-17 12:39:59 | Views: 0
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए 64 फीट लंबा, 32 फीट चौड़ा और आठ फीट ऊंचा मंच तैयार हो गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों सहित कई वीआईपी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री देश की पहली 'नमो भारत' ट्रेन और सबसे आधुनिक मेट्रो का शुभारंभ भी करेंगे। जनसभा में लगभग एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।
इसके लिए शहर में 10 हेलीपेड बनाए गए हैं। रैली स्थल के पास प्रोटोकॉल के अनुसार प्रधानमंत्री के तीन मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए एक-एक हेलीपैड बनाया गया। जबकि पकार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शताब्दी नगर मेट्रो स्टेशन से बेगमपुल जाने के लिए मेट्रो में सवार होंगे। इसके लिए शताब्दी नगर में भी पांच हेलीपेड बनाए गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति भाजपा के लिए महत्वपूर्ण होगी। इसे बूथ स्तर तक की सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 फरवरी को मेरठ पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक शलभगोयल सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों और हेलीपैड का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक व जिला स्तरीय अधिकारियों के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने शताब्दी नगर स्टेशन से नमो भारत ट्रेन में बैठकर मेरठ साउथ स्टेशन तक की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। सुरक्षा के मद्देनजर, एसएसपी के निर्देश पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के आसपास रहने वाले लोगों का सत्यापन भी शुरू कर दिया गया है।