33 केंद्रों पर चल रहीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा:26 हजार छात्र हो रहे शामिल, मैथमेटिक्स से शुरु हुए 10th के बच्चों के एग्जाम्स
2026-02-17 06:12:36 | Views: 0
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले के 33 केंद्रों पर आयोजित की गईं है। पहले दिन छात्रों को सख्त जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। जिले में इस बार 26 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें कक्षा 10वीं के 15 हजार और कक्षा 12वीं के 11 हजार विद्यार्थी हैं। परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। आज कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप, शॉर्टहैंड इंग्लिश और शॉर्टहैंड हिंदी विषय का पेपर चल रहा है। वहीं कल कक्षा 12वीं का फिजिकल एजुकेशन का पेपर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 10वीं की मैथमेटिक्स की परीक्षा चल रही है, और कल होमसाइन्स का है। सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी। कक्षा 12वीं की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा कक्षा 10वीं की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हो रही है। डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. रामानंद चौहान ने बताया कि सभी 33 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन का उपयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के साथ समय पर केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।