लखनऊ में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार:चोरी के दो डाले और 6 बाइक बरामद, हरदोई में बेचने जा रहा था
2026-02-17 07:44:11 | Views: 0
लखनऊ की मड़ियांव पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का दो डाला (छोटा हाथी) और उसमें लदी छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी अलग-अलग थानाक्षेत्रों से बाइक चुराकर हरदोई ले जाकर बेच देता था। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चारपहिया व दोपहिया वाहन चोरी करने वाला एक युवक यादव चौराहे से हरदोई रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर चोरी के गाड़ियों के साथ मौजूद है। सूचना पर टीम ने पुलिस बल को मौके पर बुलाया और घेराबंदी की। मुखबिर के इशारे पर सड़क किनारे तिरपाल से ढके खड़े एक डाले को घेरा गया। पुलिस को आता देख उसमें बैठा युवक भागने लगा लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान हरदोई निवासी अजीत शुक्ला उर्फ सुंदरम शुक्ला (20) के रुप में हुई। मौजूदा समय में फैजुल्लागंज लखनऊ रहता है। तलाशी में उसके पास से मोबाइल, आधार कार्ड और नकदी बरामद हुई। हरदोई ले जाकर बेच देता बाइक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डाला चोरी का है और उसमें लदी मोटरसाइकिलें भी चोरी की हैं। जिन्हें वह हरदोई ले जाने की फिराक में था। आरोपी ने बताया कि डाले को न्याय विहार, फैजुल्लागंज से चुराया था। डाला तिरपाल से ढका था उसे हटाकर देखने पर कुल छह मोटरसाइकिलें लदी मिली। पूछताछ में आरोपी ने एक और डाला चोरी करने की बात कबूली। जो फैजुल्लागंज से घैला रोड की तरफ खड़ा मिला। जांच में वह वाहन (UP32FN5957) गाजीपुर क्षेत्र से चोरी करना पाया गया।
आरोपी राहगीरों की मदद से चोरी की बाइकों को डाले में लदवाता था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।