प्रयागराज शहर को जल्द ही वर्ल्ड-क्लास रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने जा रही है। प्रयागराज जंक्शन का 960 करोड़ रुपए की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके। प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस की ओर नौ मंजिला भव्य इमारत का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस बिल्डिंग में फूड प्लाजा, ब्रांडेड रिटेल आउटलेट, आधुनिक प्रतीक्षालय और यात्रियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था होगी। डिजाइन को इस तरह तैयार किया गया है कि स्टेशन का बाहरी स्वरूप भी आकर्षक और शहर की नई पहचान बने। 72 मीटर चौड़ा कॉनकोर्स, भीड़ से मिलेगी राहत रेलवे स्टेशन पर 72 मीटर चौड़ा विशाल कॉनकोर्स बनाया जा रहा है, जो यात्रियों के लिए मुख्य प्रतीक्षा और आवागमन क्षेत्र होगा। इससे त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन में आसानी होगी। यहां लिफ्ट, एस्केलेटर और रैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी। मल्टी-लेवल पार्किंग और वीआईपी लाउंज आने वाले कुंभ 2031 में आने वाले भीड़ और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा वीआईपी लाउंज, स्लीपिंग पॉड और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं भी शामिल होंगी। स्टेशन परिसर को पूरी तरह सीसीटीवी और स्मार्ट सुरक्षा सिस्टम से जोड़ा जाएगा। ग्रीन बिल्डिंग होगी स्टेशन इस पूरी परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल तैयार किया जा रहा है। यहां पर वर्षा जल संचयन, ऊर्जा दक्ष लाइटिंग और ग्रीन बिल्डिंग मानकों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार महाकुंभ-2025 के बाद इस प्रोजेक्ट के शेष कार्यों को गति मिल गई है और दिसंबर 2026-27 तक पूरा स्टेशन पूरी तरह तैयार हो जाएगा। पुनर्विकास के बाद प्रयागराज जंक्शन उत्तर भारत के आधुनिकतम स्टेशनों में शामिल होगा।