अंबेडकरनगर में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता मुराद अली के काफिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में काफिले में शामिल वाहनों में सवार युवा सड़क पर खतरनाक स्टंट करते दिख रहे हैं, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ है और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना 15 जनवरी की बताई जा रही है। नेता मुराद अली आलापुर विधानसभा क्षेत्र के न्योरी में एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उनका काफिला बसखारी मार्ग से लौट रहा था, तभी यह स्टंटबाजी हुई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चलती गाड़ियों से युवक बाहर निकलकर लटक रहे हैं। कुछ युवक खिड़कियों से अपना आधा शरीर बाहर निकालकर करतब दिखा रहे हैं, जबकि गाड़ियां तेज रफ्तार में दौड़ रही थीं। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी मौजूद थे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। स्टंटबाजी के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना ने एक बार फिर वीआईपी काफिलों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम नागरिकों पर तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन राजनीतिक काफिलों के मामले में अक्सर ढिलाई बरती जाती है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई करता है या नहीं।