बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र के भूलभुलैया गांव के पास देर रात एक सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। ऑटो रिक्शा (संख्या UP 32 UN 9132) में सवार चार लोग यात्रा कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही मसौली थाना अध्यक्ष अजय प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, दो युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों की पहचान जितेंद्र जोशी, अंकित जोशी, आनंद शर्मा (तीनों लखनऊ निवासी) और विकास निगम (सीतापुर निवासी) के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।