बलरामपुर अस्पताल में बुजुर्ग महिला से ठगी:जांच के बहाने छत पर ले गए, जेवर उरतवाए
2026-02-17 07:29:35 | Views: 0
लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला से टप्पेबाजी हो गई। टप्पेबाजों ने जांच के नाम पर उसके जेवर उड़ा लिए। पीड़ित अपनी बेटी के साथ इलाज कराने आई थी। इस दौरान ठग ने बेटी का नाम लेकर भरोसे में लिया। फिर छत पर ले जाकर ठगी कर ली। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। अम्बेडकर नगर शंकरपुर तप्पा हवेली निवासी धर्मराजी पत्नी महेन्द्र प्रताप 7 फरवरी को अपनी कृष्णानगर में रहने वाली बेटी सीता और दामाद विजय कुमार के साथ इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल आई थी। एक्स-रे कराने के बाद वह ओपीडी के फर्स्ट फ्लोर बैठी थीं। इस दौरान उनकी बेटी दवा लेने अस्पताल के मेडिकल स्टोर में चली गई जबकि दामाद डॉक्टर के पास दवा की जानकारी लेने गए थे। टप्पेबाजों ने कहा- बेटी बुला रही है इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने धर्मराजी के पास पहुंचकर बोला कि उनकी बेटी बुला रही है। जांच के लिए साइन करने होंगे। कई बार बेटी का नाम लेने और जान-पहचान का दावा करने पर बुजुर्ग महिला उसके झांसे में आ गईं। ठग उन्हें अस्पताल के बाहर कचहरी के अंदर बनी बिल्डिंग की छत पर ले गया और बैठने को कहा। कुछ देर बाद आरोपी वापस आया और बोला कि जांच से पहले सभी जेवर उतारने होंगे। जांच के बाद वापस कर दिए जाएंगे। ठग की बातों में आकर महिला ने अपने सारे जेवर उतारकर उसे दे दिए। आरोपी जेवर लेकर फरार हो गया। इसके बाद महिला काफी देर तक वहीं बैठी रही। जब काफी समय तक बेटी नहीं आई तो वह खुद अस्पताल वापस पहुंचीं। पूरी जानकारी अपनी बेटी और दामाद को दी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की है। मामले में इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।