संभल शहर में दिनदहाड़े ठगी का मामला सामने आया है। यहां टप्पेबाजों ने एक बैटरी कारोबारी को निशाना बनाया और तीन बैटरियां लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के तुलसी सिनेमा के सामने रामा मार्केट में हुई। मोहल्ला चौधरी सराय निवासी दानिश पुत्र नफीस की बैटरी और इन्वर्टर की दुकान है। घटना के समय दानिश दोपहर का खाना खाने घर गए हुए थे और दुकान पर उनका कर्मचारी मौजूद था। दानिश के कर्मचारी के अनुसार, तीन युवक दुकान पर पहुंचे और बैटरी खरीदने की बात कही। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले फोन पर बैटरी का सौदा तय किया। इसके बाद उन्होंने कर्मचारी से चार बैटरियां ई-रिक्शा में रखवाईं। आरोपियों ने कर्मचारी को निर्देश दिया कि वह तीन बैटरियां शंकर चौराहे पर उतार दे और चौथी बैटरी पास की एक गली में ले आए, जहां उनका साथी भुगतान करेगा। कर्मचारी उनके झांसे में आ गया। कर्मचारी ने तीन बैटरियां शंकर चौराहे पर उतार दीं। जब वह चौथी बैटरी लेकर बताई गई गली में पहुंचा, तो वहां कोई नहीं मिला। जिस मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया था, वह भी बंद हो चुका था। कर्मचारी जब वापस शंकर चौराहे पर लौटा, तो वहां रखी तीनों बैटरियां भी गायब थीं। ठगी गई तीनों बैटरियों की अनुमानित कीमत लगभग 76 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर दुकानदार ने आसपास तलाश की, लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन युवक स्कूटी पर बैटरियां ले जाते हुए दिखाई दिए। पीड़ित दानिश ने सदर कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।