हाथरस में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। परीक्षा दोपहर 1:30 बजे समाप्त हुई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों की काफी भीड़ देखी गई। हाथरस में कक्षा 10वीं के लिए 3340 और कक्षा 12वीं के लिए 2767 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा के पहले दिन कक्षा 10वीं की गणित और कक्षा 12वीं की जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर लगी रही भीड़... ये परीक्षाएं आरपीएम पब्लिक स्कूल, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज, दून पब्लिक स्कूल, द कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर और संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में हुईं। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि उनका पेपर काफी अच्छा हुआ है। कक्षा 10वीं के छात्र तन्मय ने कहा कि गणित का काफी अच्छा हुआ है। एक अन्य परीक्षार्थी का कहना था कि ओवरऑल एग्जाम सही हुआ है। इधर, परीक्षा के बाद शहर में कुछ स्थानों पर जाम जैसी स्थिति भी देखने को मिली।