मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक जीजा अपनी साली को लेकर फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर रिश्तेदारों ने दोनों को गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर पकड़ लिया। पकड़े जाने के दौरान साली खेतों की ओर भाग निकली, जबकि आरोपी जीजा को पकड़कर पुलिस को सौंपने की तैयारी की गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लड़की के पिता के अनुसार, उनकी बड़ी बेटी की शादी 2019 में मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद युवक ने गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की और उसे मायके भेज दिया। पिता का यह भी आरोप है कि आरोपी जीजा मायके आने-जाने के दौरान छोटी बेटी को बहला-फुसलाकर जेवर और नकदी लेकर भागने की योजना बना रहा था। आरोपी की पत्नी ने भी अपने पति पर प्रताड़ना और आर्थिक सहयोग न देने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि यह मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि एक पीड़िता का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता आरोप लगा रही है कि उसका पति उचित देखभाल नहीं करता और उसका संबंध उसकी साली से है। शिकायत मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।