हाथरस में भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) ने ओडपुरा बिजली घर का घेराव किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत हाई टेंशन लाइनें जर्जर अवस्था में हैं। उनका कहना था कि इन लाइनों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं और भविष्य में भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में प्रशासनिक उच्च अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक जर्जर लाइनों को बदला नहीं गया है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध... प्रदर्शनकारियों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। किसानों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने और विद्युत विजिलेंस की कुछ कार्रवाइयों का भी विरोध किया। इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि जर्जर विद्युत लाइनें नहीं बदली गईं और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो एक सप्ताह बाद और तीव्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं।