संभल में नोएडा से लौटे युवक ने आत्महत्या की:गेहूं के खेत में नीम के पेड़ से शव लटका मिला, जेब से बस का टिकट मिला
2026-02-17 09:03:24 | Views: 0
संभल जिले में एक युवक का शव घर से लगभग 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उक्त घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के अलीपुर गांव की है। मंगलवार सुबह करीब 05:45 बजे PRV 1444 को सूचना मिली कि एक युवक का शव गेहूं के खेत में नीम के पेड़ से लटका हुआ है। PRV टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की मौत की पुष्टि की और थाना पुलिस को सूचित किया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दुर्वेश यादव पुत्र भूदेव यादव के रूप में हुई है। उसका शव कर्रु पुत्र लटूरी के गेहूं के खेत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दुर्वेश यादव नोएडा में काम करने के लिए गया था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से बुलंदशहर के नरौरा से संभल के बैरपुर तक का रोडवेज बस का टिकट मिला है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि युवक की आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद वे स्वयं घटनास्थल पर गए थे। परिजनों ने आत्महत्या के पीछे का कोई ठोस कारण पुलिस को नहीं बताया है। थाना प्रभारी ने चौकी क्षेत्र पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।