रायबरेली में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के हरदासपुर शारदा नहर पुल के पास हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मकरंदपुर मजरे जमुरांवा गांव निवासी सचिन पुत्र जगदेव के रूप में हुई है। सचिन अपनी बाइक से रायबरेली की ओर से महराजगंज आ रहा था, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में शोक छा गया। वहीं टक्कर मारने वाले कार सवार मौके से फरार हो गए। मिल एरिया थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया कि उन्हें अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।