गाजीपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय समता भवन में मंगलवार को भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई गई। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में माल्यार्पण और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कर्पूरी ठाकुर को देश का महान नेता बताया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सादगी और ईमानदारी का प्रतीक था। यादव ने कर्पूरी ठाकुर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सामाजिक न्याय की लड़ाई का महान योद्धा बताते हुए उनके निजी और सार्वजनिक जीवन में स्थापित उच्च मानदंडों का उल्लेख किया। गोपाल यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर आजीवन समाज में व्याप्त आर्थिक और सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ संघर्षरत रहे। उन्होंने यह भी बताया कि वे लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक गुरु थे और लोकराज की स्थापना के प्रबल हिमायती थे। विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि देश में व्याप्त असमानता और गैरबराबरी को कर्पूरी ठाकुर के विचारों पर चलकर ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने समाजवाद के रास्ते पर चलकर देश में खुशहाली लाने की बात कही। इस अवसर पर अशोक कुमार बिंद, रविन्द्र प्रताप यादव, मुन्नीलाल राजभर, राजेन्द्र यादव, सदानंद यादव, विभा पाल, अमित ठाकुर, जयराम भारती, तिलक प्रधान, राजेश यादव, जैहिंद यादव, अंबिका यादव, रामाशीष यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।