संभल में एक सड़क हादसे में बहनोई की मौत हो गई। मृतक की मां ने अपने बेटे के साले पर हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में इसे सड़क दुर्घटना बताया जा रहा है। यह घटना संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र की है। मृतक की पहचान रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मुटैना निवासी 32 वर्षीय जुगेंद्र कुशवाहा पुत्र मोहन कुशवाहा के रूप में हुई है। बीते सोमवार शाम जुगेंद्र अपने साले अजमेश पुत्र खूबी, निवासी मलिकपुर, थाना रजपुरा के साथ धनारी गांव में एक दावत में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटते समय उनकी बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। जुगेंद्र को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अलीगढ़ के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजन शव लेकर वापस गंवा पुलिस चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे। मृतक की मां रामकली ने अपने बेटे के साले अजमेश पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। जुगेंद्र का विवाह आठ साल पहले मलिकपुर निवासी अनीता पुत्री खूबी से हुआ था। थाना धनारी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवक की बाइक बिजली के खंभे से टकराई थी। परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।