फीस के फेर में फंसा इंटरमीडिएट के बच्चों का भविष्य:बरेली के नामचीन स्कूल की मनमानी से तीन छात्रों का बोर्ड एग्जाम छूटा, अब बैकफुट पर आया स्कूल प्रशासन
February 19, 2026 | Uttar Pradesh
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित सेंट एंड्रूज स्कूल की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल के तीन इंटरमीडिएट छात्र-पंकज यादव, आर्यन यादव और आदित्य यादव- अपनी फीस बकाया होने के कारण सीबीएसई (CBSE) बोर्ड की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। छात्रों का सेंटर बीबीएल स्कूल में गया था, लेकिन एडमिट कार्ड न होने की वजह से उन्हें परीक्षा केंद्र से वापस लौटना पड़ा।
छात्रों का कहना है कि वे कक्षा 6 से इसी स्कूल में पढ़ रहे हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इस बार पूरी फीस जमा नहीं कर पाए थे। उन्होंने स्कूल स्टाफ के सामने काफी मिन्नतें कीं, पर उन्हें प्रवेश पत्र नहीं दिया गया, जिससे उनका कीमती साल बर्बाद होने की कगार पर है। छात्र संगठन का हंगामा: थाने पहुंची तहरीर, पुलिस ने शुरू की जांच
जैसे ही इस मामले की भनक एबीवीपी (ABVP) छात्र संगठन को हुई, कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। छात्रों ने इस मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए थाना सुभाषनगर में तहरीर दी है और स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। बैकफुट पर स्कूल प्रबंधन: गलती मानी, अब कंपार्टमेंट परीक्षा का दिया भरोसा
मामला मीडिया और पुलिस तक पहुंचने के बाद स्कूल प्रशासन के सुर बदल गए हैं। प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने शनिवार को पीटीएम (PTM) में अभिभावकों को बुलाया था, लेकिन कोई नहीं आया। हालांकि, अब स्कूल अपनी गलती मानते हुए तीनों बच्चों की बकाया फीस माफ करने और उन्हें एडमिट कार्ड देने को तैयार है। स्कूल प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि जो पेपर आज छूट गया है, उसके लिए वे छात्रों की कंपार्टमेंट परीक्षा दिलाने में मदद करेंगे।