एटा जिले के नया थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तुंगई मोड़ के समीप अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखकर आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवक ने एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रामू शर्मा पुत्र गिरंद के रूप में हुई है, जो नगरिया हलवाई के निवासी थे। रामू शर्मा गिरी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, रामू शर्मा रविवार देर रात बुकिंग से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के पिता गिरेंद्र ने बताया कि उनका बेटा बाइक से आ रहा था और मोड़ पर लघुशंका कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उन्हें घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे।