बिजनौर पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान और सुनील पाल के अपहरण तथा वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में गैंगस्टर एक्ट के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह का सरगना समेत आठ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। अभिनेता मुश्ताक खान का अपहरण 20 नवंबर 2025 को एक इवेंट के बहाने किया गया था। उन्हें नई बस्ती स्थित गिरोह के सरगना सुशांत उर्फ लवी के मकान पर रखा गया था, जहां उनसे 2.20 लाख रुपये की वसूली की गई। मुश्ताक खान ने इस संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी गिरोह ने 2 दिसंबर 2025 को अभिनेता सुनील पाल का भी अपहरण कर उनसे वसूली की थी। सुनील पाल की पत्नी ने मेरठ के थाना लालकुर्ती में इस घटना का मुकदमा दर्ज कराया था। बिजनौर पुलिस ने पहले इस मामले का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को जेल भेजा था, जबकि एक आरोपी को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शहर कोतवाल रामप्रताप ने घटना में शामिल सभी 10 आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार को अर्जुन कर्णवाल और शुभम को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों में सुशांत उर्फ लवी उर्फ हिमांशु, आकाश गोला, सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की, अंकित पहाड़ी, अर्जुन कर्णवाल, अजीम अहमद, साबुद्दीन, शिवम और शशांक जैसे नाम शामिल हैं। लवी और सार्थक सहित आठ अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।