अयोध्या के सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह भिटौरिया ने मंगलवार सुबह 11 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे सीएमओ को देख अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने मरीजों और परिजनों से उपचार, डॉक्टरों की उपलब्धता और इंतजार समय को लेकर सीधे सवाल किए। कई मरीजों ने समय पर इलाज मिलने की बात कही, वहीं कुछ ने दवा उपलब्धता पर सुझाव भी दिए। सीएमओ ने दवा वितरण कक्ष में स्टॉक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को आवश्यक दवा के लिए भटकना न पड़े। ऑपरेशन थिएटर और विभिन्न वार्डों का भी गहन निरीक्षण कर उपकरणों की कार्यशीलता और स्टाफ की मौजूदगी परखी गई। स्वच्छता पर सख्त निर्देश अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए सीएमओ ने सीएमएस को नियमित मॉनिटरिंग और हाउसकीपिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों को समयबद्ध, जिम्मेदार और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की हिदायत दी गई। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह भिटौरिया ने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।