कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम के नाम पर 99 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। झटपट कमाई के लालच में युवक ठगों के जाल में फंस गया। आरोप है कि ठगों ने गेम में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर युवक से अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करा ली। बाद में संपर्क करने पर आरोपियों ने मोबाइल बंद कर लिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। व्हाट्सएप पर ऑनलाइन गेम से था जुड़ा कल्याणपुर के पुराना शिवली रोड निवासी अनुराग कटियार के अनुसार 15 फरवरी 2026 को उनके व्हाट्सएप पर ऑनलाइन गेम से जुड़ा एक संदेश आया, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। शुरुआत में छोटी रकम निवेश कराने के बाद उन्हें कुछ लाभ दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग किश्तों में उनसे कुल 99 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब दोबारा पैसे लगाने का दबाव बनाया गया और निकासी की बात टाली जाने लगी तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी कल्याणपुर ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से खातों और ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।