गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में मंगलवार को फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म पर यादव समाज की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए प्रतीकात्मक रूप से दूध से स्नान कर विरोध जताया। इसके बाद जिलाधिकारी को फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा गया। यह प्रदर्शन सरजू पांडे पार्क से जुलूस के रूप में शुरू हुआ। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी डीएम-एसपी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में प्रदर्शित/प्रचारित की जा रही इस फिल्म में कुछ दृश्यों, संवादों और प्रस्तुति के माध्यम से यादव समाज की सामाजिक छवि को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म में एक विशेष समाज को गलत और आपत्तिजनक ढंग से दिखाया गया है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से फिल्म की निष्पक्ष जांच कराने और आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर इसके प्रदर्शन या प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। दिनेश यादव ने बताया कि इस मुद्दे पर सर्व समाज एकजुट होकर विरोध कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो सिनेमा हॉलों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक फिल्म पर पूरी तरह से प्रतिबंध नहीं लगाया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।