चित्रकूट में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। यह हादसा झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ननद-भाभी को कुचल दिया। परिवार अपने दिवंगत पिता की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहा था। महोबा जिले के खन्ना निवासी एक ही परिवार के सात सदस्य चार पहिया वाहन से प्रयागराज जा रहे थे। रामनगर के पास उनकी गाड़ी पंचर हो गई, जिसके बाद वे सड़क किनारे रुककर पंचर बनवा रहे थे। इसी दौरान परिवार की दो महिलाएं, रानी प्रजापति और उनकी भाभी शिवकुमारी प्रजापति, सड़क के दूसरी ओर गई थीं। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। परिजन राम मनोहर ने बताया कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे और सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि परिवार अस्थियां विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहा था। रामनगर के पास गाड़ी पंचर होने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Readers Comments