एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र के छछैना के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार करीब पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर मलावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एटा की ओर से बोरियों से भरा एक ट्रक आ रहा था, जिसने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर लगे जाम को हटाने और यातायात को सुचारु करने का काम जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।