बस्ती में डॉक्टर ने 100 की रफ्तार से कार चलाते हुए फर्नीचर कारोबारी को टक्कर मार दी। कारोबारी 10 फीट हवा में उछला और सामने खड़े डंपर से टकराकर हाईवे पर गिर पड़ा। कार भी डंपर से जा भिड़ी। स्पीड इतनी ज्यादा थी कि टकराने के बाद कार करीब 30 फीट पीछे जाकर रुकी। हादसे में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार चालक डॉक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसा सोमवार रात 8 बजे हर्रैया तहसील के छावनी थाना क्षेत्र के पास हुआ। हादसे का आज वीडियो सामने आया है। हादसे की तस्वीरें देखिए… मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी कार ने मारी टक्कर शंकरपुर गांव के रहने वाले अब्दुल कादिर (45) फर्नीचर कारोबारी थे। हाईवे किनारे उनकी ‘सफीक आरा मशीन’ नाम से फर्नीचर की दुकान है। दुकान के पीछे ही उनका घर भी है। अब्दुल पिछले 15 साल से इस कारोबार से जुड़े थे। सोमवार को वह नमाज पढ़ने के लिए हाईवे पार कर मस्जिद जाने निकले थे। दुकान बंद करने के बाद वह हाईवे किनारे खड़े होकर किसी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान रात 8 बजे बेकाबू मारुति सियाज कार आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। शरीर की कई हड्डियां टूटीं, सिर फटा टक्कर इतनी तेज थी कि अब्दुल करीब 10 फीट हवा में उछलकर सर्विस लेन से गुजर रहे एक डंपर से टकरा गए। कार भी डंपर से टकरा गई। हादसे में अब्दुल बुरी तरह घायल हो गए। उनके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं और सिर फट गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें कार से अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए और पुलिस को हादसे की शिकायत दी। कार चालक डॉक्टर नशे में था स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर ही कार चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कैली हॉस्पिटल के डॉक्टर आशुतोष शर्मा के रूप में हुई। आरोप है कि वह शराब के नशे में धुत था। हादसे के बाद आशुतोष ने घटना की जानकारी बस्ती जिला अस्पताल के CMO राजीव निगम को दी। विक्रमजोत CHC के अधीक्षक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि हादसे की रात CMO ने फोन कर कहा था कि डॉक्टर आशुतोष की कार का एक्सीडेंट हो गया है, उन्हें वहां से निकालकर ले आओ। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस आशुतोष को ले जा चुकी थी। --------------------------------------------- ये खबर भी पढ़ेंः- लखनऊ में डबल डेकर बस पलटी, खिड़की से गिरीं लाशें:5 की मौत, 45 घायल; 67 चालान के बावजूद दौड़ रही थी बस लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, 45 लोग घायल हो गए। 28 घायलों को SGPGI के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इनमें 7 बच्चे, 12 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं। सोमवार को हादसे के बाद के फोटो-वीडियो सामने आए। पढ़ें पूरी खबर…
Readers Comments