देवरिया में सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या का मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने इस घटना को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि यदि लगाए गए आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक शिक्षक के साथ अन्याय है, बल्कि शिक्षा तंत्र के लिए भी चिंताजनक है। सपा जिलाध्यक्ष ने शासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जोर दिया कि सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। व्यास यादव ने पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की है। उन्होंने परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी जनपद स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। पार्टी ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।