मुजफ्फरनगर मोरना गांव में सोमवार सुबह 55 वर्षीय रामप्रसाद की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर में लहूलुहान हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में रविदास मंदिर के पीछे रहने वाले रामप्रसाद पुत्र घसीटू कश्यप का शव उनकी पत्नी चंद्रकाली ने सुबह देखा। चंद्रकाली ने बताया कि जब वह सुबह उठीं, तो उन्होंने अपने पति को खून से लथपथ पाया। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। मृतक रामप्रसाद खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी चंद्रकाली के अलावा दो पुत्र अमित और सुमित, तथा चार पुत्रियां लता, शिल्पी, कोमल और वंदना हैं। लता और शिल्पी विवाहित हैं।