नोएडा में 18वीं मंजिल से गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। महिला एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल महिला को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, हालत बेहद गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी तक महिला के परिजनों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यह घटना सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-43 की है। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… पति-पत्नी के साथ मजदूरी करते थे महिला की पहचान सुखी सोरेन (28) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। फिलहाल वह नोएडा के सलारपुर में पति के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। हादसे के समय उसका पति भी मौके पर मौजूद था। दोनों सेक्टर-43 स्थित एक सोसाइटी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक साथ काम कर रहे थे। बताया गया कि काम के दौरान सुखी सोरेन ऊपर मंजिल पर ईंट दे रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 18वीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी बोले- शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी सेक्टर-39 थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यदि मृतका के परिजन कोई शिकायत दर्ज कराते हैं तो उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।