Advertisement
Sponsored
नासिक से लौटे युवक के 23 हजार रुपये ठगे:प्रतापगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
Feb 23, 2026
प्रतापगढ़ में एक कार चालक ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर नासिक से लौटे एक युवक से 23 हजार रुपये ठग लिए। यह घटना पट्टी कोतवाली क्षेत्र में हुई। पीड़ित ने नगर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है और पुलिस जांच में जुट गई है। पहाड़ मुरारपुर निवासी रामजी पटेल नासिक में काम करते हैं। वह 1 जनवरी को साकेत एक्सप्रेस से मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। स्टेशन के बाहर पट्टी जाने के लिए सवारी बुला रहे एक कार चालक के झांसे में आकर वह उसकी गाड़ी में बैठ गए। कुछ देर बाद एक अन्य युवक भी कार में बैठा और वाहन पट्टी की ओर चल पड़ा। सई नदी पुल पार करते ही चालक ने यात्रियों से कहा कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है। उसने दोनों यात्रियों को अपने-अपने रुपये एक लिफाफे में डालकर उसे देने को कहा, ताकि जांच के दौरान कोई परेशानी न हो। इस पर साथ बैठे युवक ने पहले अपने 38 हजार रुपये लिफाफे में डालकर चालक को दे दिए। रामजी पटेल ने भी अपने पास मौजूद 23 हजार रुपये चालक को सौंप दिए। चिलबिला ओवरब्रिज से पहले ही चालक ने अचानक गाड़ी अंतू की ओर मोड़ दी। रामजी पटेल ने इसका विरोध किया, तो चालक ने उन्हें धोखे से रास्ते में उतार दिया और रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित रामजी पटेल की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments