Advertisement
Sponsored
प्रतापगढ़ में SIR का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को:जिला निर्वाचन अधिकारी ने वृहद पुनरीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया
Feb 24, 2026
प्रतापगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) शिव सहाय अवस्थी ने इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत पूरी प्रक्रिया संपन्न कर 15 अप्रैल को जनसामान्य के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 मार्च तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी। संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और निस्तारण की कार्यवाही भी इसी अवधि में पूरी होगी। 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों के कम्प्यूटरीकरण की तैयारी की जाएगी। इन सूचियों को मूल मतदाता सूची में यथास्थान समाहित करने की प्रक्रिया भी इसी चरण में होगी। 17 मार्च से 13 अप्रैल तक पूरक सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के उपरांत मतदान केंद्रों/स्थलों का क्रमांकन, मतदाता क्रमांकन, मतदान स्थलों के वार्डों की मैपिंग और एसवीएन आवंटन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं संपन्न होंगी। इसके अतिरिक्त, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां तैयार करने का कार्य भी इसी अवधि में किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित समय सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण का कार्य समय पर पूरा हो।
Reader Comments