उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस संचालन व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ आगामी होली पर्व की विशेष तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। होली पर अतिरिक्त बसों का संचालन प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि होली के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और किसी भी रूट पर यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए अग्रिम तैयारी की जाए। बसों की तकनीकी जांच पर जोर एमडी ने सभी डिपो को निर्देशित किया कि प्रत्येक बस की 13 एवं 31 बिंदुओं पर नियमित और अनिवार्य जांच की जाए। इससे वाहनों की तकनीकी स्थिति बेहतर बनी रहेगी और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना जांच के कोई भी बस संचालन में न लाई जाए। चालक - परिचालकों को सतर्क रहने के निर्देश बैठक में चालक और परिचालकों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। उन्हें प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस अनिवार्य रूप से रोकने और यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के निर्देश दिए गए। प्रबंध निदेशक ने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।