Advertisement
Sponsored
पूर्व विधायक धान लदे ट्रैक्टर लेकर मंडी पहुंचे:किसानों के धान खरीद सुनिश्चित कराने को किया प्रदर्शन
Feb 23, 2026
चंदौली जिले में किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोमवार को सड़क पर उतर आए। वह धान लदे ट्रैक्टर लेकर अपने सैयदराजा आवास से नवीन मंडी के लिए निकले। पुलिस ने उन्हें हाइवे पर रोक लिया और नोटिस तामील कराते हुए आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, मनोज सिंह डब्लू ने किसानों के हित की बात कहते हुए नवीन मंडी की ओर कूच किया, जहां पहले से मौजूद डिप्टी आरएमओ की उपस्थिति में किसानों के धान की खरीद शुरू की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न हिस्सों से मंडी आ रहे अन्य किसानों को भी पुलिस ने जगह-जगह रोका। उन्हें आश्वासन दिया गया कि नजदीकी क्रय केंद्र पर उनके धान की तौलाई और अंगूठा लगाने का कार्य किया जाएगा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने एक किसान का उदाहरण दिया, जिसकी बेटी की शादी धान की बिक्री न होने के कारण अधर में लटक गई थी। इसी पीड़ा से आहत होकर उन्होंने किसानों का आह्वान किया, ताकि प्रशासन के माध्यम से उनके धान की खरीद सुनिश्चित हो सके। पूर्व विधायक के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सोमवार को पूरे जनपद में मुस्तैद रहा। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर पुलिस की निगरानी थी, ताकि नवीन मंडी में किसानों की भीड़ को रोका जा सके। किसी भी तरह के गतिरोध को रोकने के लिए स्वयं डिप्टी आरएमओ नवीन मंडी में मौजूद रहे और पूर्व विधायक के पहुंचते ही किसानों के धान की तौल प्रक्रिया युद्ध स्तर पर शुरू करा दी।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments