Advertisement
Sponsored
पीलीभीत में आबकारी विभाग का माफियाओं पर शिकंजा:सुनगढ़ी में छापेमारी कर दो तस्कर गिरफ्तार, 4.8 लीटर अवैध शराब बरामद
Feb 24, 2026
पीलीभीत में होली के त्योहार से पहले अवैध शराब के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। इसी क्रम में, मंगलवार (24 फरवरी, 2026) को आबकारी विभाग की टीम ने सदर क्षेत्र में छापेमारी कर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिले में होली के मद्देनजर एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-1) आशुतोष तिवारी और उनकी टीम ने सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम ने अनमोल (पुत्र श्रीकृष्ण) और धर्मेंद्र कुमार (पुत्र छोटेलाल) को मौके से गिरफ्तार किया। उनके पास से 24 पौवे अवैध देसी शराब, कुल 4.8 लीटर, बरामद की गई। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें सुनगढ़ी पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी कल्पनाथ रजक ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के लिए प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की 5 संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं। विभाग का उद्देश्य है कि होली के पर्व पर किसी भी प्रकार की जहरीली या अवैध शराब की बिक्री न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, तथा अवैध शराब के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक आशुतोष तिवारी के साथ विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments