फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 2 बजे एक पुलिया के पास सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिला। पास में ही एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि दुर्घटना दर्शाने के लिए शव सड़क किनारे फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकी बवारा के बीच एक पुलिया के पास नरैनी निवासी विजय कुमार और संदीप द्विवेदी घायल हालत में पड़े मिले। पास ही एक क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी थी। एक राहगीर ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को गाजीपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप द्विवेदी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक विजय कुमार के पिता झल्लू ने संदीप द्विवेदी पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि संदीप उनके बेटे को अपनी रिश्तेदारी संवारा में नाच दिखाने के लिए ले गया था। झल्लू का आरोप है कि रास्ते में दुर्घटना का बहाना बनाकर विजय की हत्या कर दी गई और शव को फेंक दिया गया। झल्लू ने बताया कि विजय उनके चार बेटों में से तीसरे नंबर का था और उसकी शादी अप्रैल में होनी थी। मृतक की मां केशकली, पिता और भाई घटना के बाद से सदमे में हैं। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।