फिरोजाबाद के नगला सिंघी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक बारात में जमकर मारपीट हुई। शनिवार देर रात बड़ा कुर्रा गांव में हुई इस घटना में दुल्हन की मां सहित तीन बाराती घायल हो गए। पीड़ितों ने सोने की चेन और अंगूठी लूटने का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने लूट की बात से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गदलपुरा निवासी अजयपाल की बारात बड़ा कुर्रा गांव निवासी अजयपाल सिंह के यहां आई थी। बारात चढ़त के बाद सभी बाराती डीजे पर नाच रहे थे। आरोप है कि तभी पुरानी रंजिश के चलते शेर सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर बारातियों से मारपीट शुरू कर दी। दुल्हन पूनम की मां सगुना देवी जब बीच-बचाव करने आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में आगरा के बसई अरेला गांव निवासी रवि और नगला सिंघी के ठार लोकमन गांव निवासी गौरव को भी चोटें आईं। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सभी को बचाया। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। मारपीट की घटना का वीडियो रविवार शाम को सोशल मीडिया पर सामने आया है। दुल्हन के पिता ओमप्रकाश ने आरोप लगाया है कि हमलावर रवि से एक सोने की चेन और गौरव से एक चेन व अंगूठी लूटकर ले गए। उन्होंने शेर सिंह, गोविंद, परवेश, रामदेव, रामदास और अंकुश के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने लूट के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि यह मामला पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट का है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।