Advertisement
Sponsored
बागपत में महिला हत्याकांड का 12 दिन बाद खुलासा:दुष्कर्म के प्रयास में गला घोंटकर की हत्या, आरोपी पर NSA लगेगा
Feb 23, 2026
बागपत पुलिस ने 12 फरवरी को टटीरी-महनवा मार्ग पर मिली महिला के शव के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने दुष्कर्म के प्रयास में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में था। एसपी बागपत सूरज राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 फरवरी की रात महिला अपने घर लौट रही थी। तभी आरोपी राजेश पुत्र रोहतास निवासी टटीरी ने उसे रोका और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने के लिए व्यापक जांच अभियान चलाया। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, 300 से ज्यादा मोबाइल ट्रेस किए गए और लगभग 150 लोगों से पूछताछ की गई। इन प्रयासों के बाद आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपी राजेश आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है। वह अपनी पत्नी से विवाद के चलते 22 महीने जेल में भी रह चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी सूरज राय ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। इस मामले को सुलझाने वाली सर्विलांस एसओजी और बागपत कोतवाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। एसपी ने कहा कि आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 12 दिन बाद इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा हुआ है।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments