भारतीय किसान संघ ने बिजनौर में किसानों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों ने अमरोहा में मुख्यमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ये मुकदमे निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने वाले किसानों पर दर्ज किए गए हैं। संघ के जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि बिजनौर में मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर बैराज के पास हेमराज कॉलोनी चौराहे पर भारतीय किसान संघ के बैनर तले ग्रामीण पिछले नौ महीने से लगातार अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद NHAI और प्रशासन के लोगों ने इस धरने को मर्यादित तरीके से समाप्त करा दिया था। कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाकर धरना दे रहे ग्रामीणों को नजरबंद भी किया गया था। अब इन्हीं धरना प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जो चिंता का विषय है। संघ ने मांग की है कि इन मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो बिजनौर जिले में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Readers Comments