बाराबंकी जनपद के बदोसराय थाना क्षेत्र के मरकामऊ गांव में एक डेढ़ साल का बच्चा बंदर के हमले में घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने बताया कि तौफीक नाम का बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने गांव में घूम रहे बंदर को भगाने का प्रयास किया। इससे बंदर उग्र हो गया और भागते हुए अचानक खेल रहे बच्चे तौफीक पर झपट पड़ा। बंदर ने बच्चे के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। बच्चे की चीख सुनकर परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को परिजन तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे के सिर में चोट आई है, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी स्थिति नियंत्रण में है। बच्चे को फिलहाल निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि गांव में अभियान चलाकर इन बंदरों को पकड़ा जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।