प्रयागराज में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार की पीएम-अभिम (PM-ABHIM) योजना के तहत तेज बहादुर सप्रू बेली अस्पताल में एक 'हाई-टेक' सेंट्रल लैब की स्थापना की जा रही है। इस नई पहल से अब मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। जिला अस्पताल परिसर में तैयार हो रही यह लैब न केवल अत्याधुनिक मशीनों से लैस होगी बल्कि इसका संचालन 'हब एंड स्पोक' (Hub and Spoke) मॉडल पर किया जाएगा। ​117 प्रकार की जांचों की मिलेगी सुविधा ​इस लैब की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां खून से संबंधित लगभग 117 प्रकार की जांचें संभव हो सकेंगी। वर्तमान में कई जटिल जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा सरकारी स्तर पर सेंट्रलाइज्ड तरीके से उपलब्ध होगी। क्या है हब एंड स्पोक मॉडल? अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था दूरदराज के इलाकों (पेरिफेरी) में रहने वाले लोगों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी। ​मरीजों और डॉक्टरों को होगा सीधा लाभ ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ उत्तम ने बताया कि इस लैब के शुरू होने से डॉक्टरों को सटीक डायग्नोसिस (रोग की पहचान) करने में मदद मिलेगी जिससे इलाज बेहतर होगा। मरीजों को एक ही छत के नीचे या अपने घर के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही सारी सुविधाएं मिल जाएंगी। इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी। स्वास्थ्य ढांचे को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे आने वाले समय में जिले की पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था सेंट्रलाइज्ड हो जाएगी।