Advertisement
Sponsored
भाकियू टिकैत ने हथगाम थाने के घेराव का किया ऐलान:9 मार्च को किसानों की समस्याओं पर होगा धरना प्रदर्शन
Feb 24, 2026
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में आज अपनी मासिक बैठक के दौरान 9 मार्च को हथगाम थाने का घेराव करने का ऐलान किया है। यह बैठक जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल के नेतृत्व में नहर कॉलोनी परिसर में आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने सरकारी नलकूपों को तत्काल चालू कराने और सिंचाई के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त, यूनियन ने 12 मार्च को मलवां थाना क्षेत्र में एनएच-2 पुल के नीचे एक पंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। अन्य मांगों में बिंदकी से कानपुर तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन फिर से शुरू कराना और स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाना शामिल है। 17 मार्च को गणेशदासपुर चौराहा में भी एक पंचायत आयोजित की जाएगी। यूनियन ने 14 मार्च को प्रयागराज कमिश्नरी के प्रस्तावित घेराव में फतेहपुर जनपद से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने का भी निर्णय लिया। इस बैठक में मंडल महासचिव देवनारायण पटेल, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, युवा जिला अध्यक्ष एडवोकेट विवेक यादव, जिला महासचिव मुन्ना शेख, जिला प्रवक्ता दिनेश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र यादव, जिला सचिव कृष्ण पाल सिंह, खागा तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह, बिंदकी तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह सहित दीपक मौर्य, भारत सिंह, छोटू यादव, रामानंद मौर्य, मोइद अहमद, अनमोल सिंह, सुनील पासवान, गुफरान, कामता निषाद, चंद्रपाल लोधी, राजन यादव, राधेलाल, सुदेश चौहान, गंगा प्रसाद समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
Reader Comments