मुजफ्फरनगर की पॉश गांधी कॉलोनी में रविवार शाम दो गुटों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई। इस दौरान चली गोली गली नंबर 12 में एक मकान के बिजली मीटर में जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना नई मंडी क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में दो गुटों के युवक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट और पथराव में बदल गई। बताया जा रहा है कि इस झगड़े में एक दर्जन से अधिक युवक शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गुट के युवकों ने दूसरे पक्ष के लड़कों का पीछा किया। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर गोली चला दी। यह गोली राजेंद्र कुमार के मकान के बिजली मीटर में लगी। पुलिस ने मौके से एक खाली कारतूस भी बरामद किया है। पॉश कॉलोनी में हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी पर सवाल उठाए हैं। गांधी कॉलोनी के निवासियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।