मैनपुरी जिले में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा घटना धन्नाहर थाना क्षेत्र के भागपुर गांव की है, जहां एक किसान के घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई। यह पूरी वारदात पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित किसान ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के बाहर खड़ी करके सो गया था। देर रात अज्ञात चोर अपने ट्रैक्टर के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी चालाकी से किसान की ट्रॉली को अपने ट्रैक्टर से जोड़ा और तेजी से फरार हो गए। सुबह जब किसान काम पर जाने के लिए बाहर निकला, तो ट्रॉली गायब देखकर हैरान रह गया। आसपास तलाश करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में चोर ट्रैक्टर पर सवार होकर ट्रॉली ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित किसान ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। गौरतलब है कि मैनपुरी में पिछले कुछ समय से चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।