मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सरधना-मेरठ करनाल हाईवे स्थित जेंबो रेस्टोरेंट में सोमवार देर रात मारपीट की घटना सामने आई। बाइक सवार तीन युवकों ने रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी की पिटाई कर दी। यह पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। न्यू गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक सरधना-मेरठ करनाल हाईवे स्थित जेंबो रेस्टोरेंट के बाहर काउंटर पर काम करता है। सोमवार रात करीब तीन युवक बाइक पर सवार होकर रेस्टोरेंट पहुंचे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद तीनों युवकों ने अभिषेक पर हमला कर दिया। युवकों ने लात-घूंसों और बेल्ट से उसकी पिटाई की। रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। हालांकि, हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। इस घटना से रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। रेस्टोरेंट मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।