मुरादाबाद के कुंदरकी नगर के मोहल्ला नुरुल्लाह में मंगलवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का शव घर की दूसरी मंजिल के कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।मृतक की पहचान मोहल्ला नुरुल्लाह निवासी अख्तर अली के पुत्र अली मोहम्मद (23) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक अली मोहम्मद के कमरे से बाहर न निकलने पर उनकी मां नसीम जहां ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक का शव पंखे से लटका मिला।परिजनों ने बताया कि अली मोहम्मद सोमवार रात करीब 8 बजे शराब के नशे में घर आया था और अपने कमरे में सोने चला गया था।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।अली मोहम्मद मजदूरी के साथ-साथ इलेक्ट्रिशियन का काम भी करता था। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।