महोबा में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी एक सड़क को प्रशासन ने ट्रैक्टर चलाकर उखाड़ दिया है। कबरई विकासखंड के ननौरा-उरवारा मार्ग पर घटिया निर्माण का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में मानक विहीन 50 मीटर सड़क को ध्वस्त कर दिया गया और मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। दरअसल, मंडी समिति के माध्यम से करीब 26 लाख रुपए की लागत से 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन महज 50 मीटर निर्माण होते ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि नई बनी सड़क हाथ लगाने मात्र से उखड़ रही थी, जिसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में सड़क की परतें कागज की तरह उखड़ती नजर आ रही थीं, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। उच्चाधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। मानक विहीन निर्माण की पुष्टि होने पर 50 मीटर बनी हुई सड़क को तत्काल खोदने का आदेश दिया गया। मौके पर ही ट्रैक्टर कल्टीवेटर बुलाकर घटिया सामग्री से बनी सड़क को उखाड़ दिया गया, ताकि नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जा सके। प्रशासन ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए एक जांच कमेटी गठित की है। अधिकारियों ने कहा है कि निर्माण में बरती गई अनियमितता के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल सड़क का काम रोक दिया गया है और जांच जारी है।