महोबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर दो साल की एक लावारिस बच्ची मिली है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) उसके परिजनों की तलाश में जुट गई है। मंगलवार को जीआरपी के जवान स्टेशन पर नियमित सुरक्षा जांच कर रहे थे, तभी उनकी नजर प्लेटफॉर्म नंबर दो पर अकेली घूम रही बच्ची पर पड़ी। बच्ची इतनी छोटी है कि वह अपना नाम या घर का पता नहीं बता पा रही है। जवानों ने बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया और पूरे स्टेशन परिसर में यात्रियों से पूछताछ की। उसके परिजनों का पता लगाने के लिए स्टेशन पर बार-बार घोषणाएं भी कराई गईं, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी कोई सामने नहीं आया। फिलहाल, जीआरपी ने बच्ची को थाने में रखा है। पुलिस अब विभिन्न प्रचार माध्यमों, सोशल मीडिया और आसपास के थानों की मदद से बच्ची के माता-पिता की तलाश कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्ची भीड़ में बिछड़ गई है या उसे जानबूझकर छोड़ा गया है। यदि किसी को इस बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत महोबा जीआरपी को सूचित कर सकते हैं।
Readers Comments