अखिल भारतीय यादव महासंघ ने 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव रामधर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक और जातिगत फिल्में बनाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म के जरिए समाज में आपसी सद्भाव बिगाड़कर एक विशेष जाति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। महासंघ ने आरोप लगाया कि इस फिल्म में अभिनेत्री को यादव जाति (हिंदू) और अभिनेता को मुस्लिम दिखाया गया है। इससे देश के हिंदू धर्म, विशेषकर यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और उनमें गहरा आक्रोश बढ़ रहा है। संगठन ने आशंका जताई कि इससे सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा खराब होने का खतरा है। समाज के लोगों ने मांग की कि उक्त फिल्म को तत्काल रिलीज होने से रोका जाए, ताकि सामाजिक सद्भाव बना रहे। इस अवसर पर सतीश यादव, हरिशंकर यादव, अखिलेश यादव, विनोद यादव, अच्छेलाल, रवि, नरेंद्र कुमार, मधुसूदन, राजकुमार, श्याम यादव, संतोष यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।