Advertisement
Sponsored
लोक जनशक्ति पार्टी का रायबरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन:प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 2027 विधानसभा चुनाव में NDA के साथ लड़ेगी पार्टी
Feb 22, 2026
रायबरेली के इंदिरा नगर कोतवाली क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी ने घोषणा की कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद पासवान ने पार्टी की विचारधारा को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि लोजपा दलितों और पिछड़े वर्गों के हितों के लिए काम कर रही है, साथ ही समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। पासवान ने बिहार चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन का भी उल्लेख किया और बताया कि पार्टी 'डबल इंजन' सरकार के साथ मिलकर विकास कार्य कर रही है।
सम्मेलन में अभय सिंह को रायबरेली का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। अभय सिंह ने कहा कि पार्टी सभी वर्गों का सम्मान करती है और उन्होंने रायबरेली से आगामी चुनाव में उम्मीदवार उतारने की संभावना जताई। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद पासवान ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर दलित समाज को गुमराह कर वोट बैंक बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दोहराया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी गठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। पार्टी पंचायत चुनाव में भी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों पर कार्य करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम की सफलता पर आयोजक अभय सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारों नौजवानों की मौजूदगी में यह सम्मेलन वाकई काबिले तारीफ है। जिलाध्यक्ष की घोषणा के समय प्रदेश की महिला अध्यक्ष आरती पांडे, अमेठी और सुल्तानपुर के जिलाध्यक्षों सहित कई जनपदों के दर्जनों जिलाध्यक्ष मौजूद थे। इस दौरान 'चिराग पासवान जिंदाबाद', 'अभय सिंह जिंदाबाद' और 'अरविंद पासवान जिंदाबाद' के नारों से पंडाल गूंज उठा।
Reader Comments